मंडला lविश्व की सबसे बड़ी जैव विविधता की प्रयोगशाला राष्ट्रीय उद्यान कान्हा है। जहां पर हर प्रकार के जीव जंतु वनस्पति वनों से आच्छादित है। दुर्लभ प्रजाति के जीव जंतु एवं वन्य प्राणी की उपलब्धता है। राष्ट्रीय उद्यान कान्हा के नाम से मंडला जिले को पूरी दुनिया में जाना जाता है। कान्हा नेशनल पार्क भारत के मध्यप्रदेश में मंडला और बालाघाट जिले की सीमा कान्हा में स्थित है। 1930 के दशक में कान्हा क्षेत्र को दो अभ्यारण्यों में बांटा गया था, हालोन और बंजर। जिसका एरिया 250 और 300 वर्ग किलोमीटर था। वहीं कान्हा नेशनल पार्क का अब विस्तार हो चुका है। अब कान्हा क्षेत्र में कोर 941.792, बफर 1134.319 और फेन 110.740 वर्ग किलोमीटर में फैला है। जानकारी अनुसार विश्व की सबसे बड़ी जैव विविधता की प्रयोगशाला में मप्र के वन्यजीव संरक्षण के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए कान्हा टाइगर रिजर्व में एक बार फिर जंगली भैंसों की वापसी होने जा रही है। नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी ने कान्हा में जंगली भैंसों को फिर से बसाने की विस्तृत योजना को हरी झंडी दे दी है। मध्यप्रदेश में कभी बड़ी संख्या में पाए जाने वाले जंगली भैंसे अब यहां विलुप्त हो चुके हैं।
कान्हा टाइगर रिजर्व के उप संचालक पुनीत गोयल ने बताया कि एनटीसीए की स्वीकृति के बाद जंगली भैंसों को बसाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। इस योजना के अनुसार असम से कुल 50 जंगली भैंसे कान्हा लाए जाएंगे। इसके लिए पांच साल की कार्ययोजना बनाई गई है, जिसके तहत प्रति वर्ष 10-10 भैंसे लाए जाएंगे। बताया गया कि पुनर्वास प्रक्रिया के तहत इन भैंसों के लिए कान्हा की हालेन वैली में 150 हेक्टेयर का एक विशेष बाड़ा तैयार किया जा रहा है। शुरुआत में इन्हें इसी बाड़े में रखा जाएगा, जिससे वे नए वातावरण के अनुकूल हो सकें। इनकी संख्या बढऩे पर और अनुकूलन के बाद इन्हें धीरे-धीरे जंगल में छोड़ा जाएगा। आवश्यकतानुसार बाड़े का विस्तार भी किया जाएगा।
Back to top button