दमोह।नगरपालिका की जल प्रदाय व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहर में पानी की आपूर्ति के लिए बिछाई गई पाइप लाइनें कम समय में ही जगह-जगह फूटने लगी हैं। फूटी पाइप लाइनों के कारण कई इलाकों में लोगों के घरों तक गंदा और दूषित पानी पहुंच रहा है, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पाइप लाइन बिछाने में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है और निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती गई है। इसी कारण आए दिन पाइप लाइन फूट रही हैं। सड़कों पर पानी बहने से गंदगी फैल रही है, राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और आसपास के इलाकों में संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि समस्या के बावजूद नगरपालिका प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। कई जगहों पर पाइप लाइन फूटी होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा तक नहीं ले रहे हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
इस संबंध में जब नगरपालिका के सीएमओ से बात की गई तो उन्होंने कहा, “हम अभी दिखवाते हैं।” हालांकि, इस बयान के बाद भी न तो कोई मरम्मत कार्य शुरू हुआ और न ही कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा।
नागरिकों का कहना है कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन दमोह में इस जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन कब तक इस गंभीर समस्या पर ध्यान देता है और जल जीवन मिशन व नगर की जल प्रदाय व्यवस्था की खामियों को दूर कर लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराता है या फिर जनता इसी तरह दूषित पानी पीने को मजबूर रहेगी।
Back to top button