कटनी

पोस्टमार्टम के इंतजार में स्वास्थ्य केन्द्र के बाहर पड़ी रही लाश, महानदी में डूबे युवक का शव निकाला गोताखोरों ने, दोस्तों के साथ नहाने गया था युवक

कटनी, यशभारत। बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पथवारी स्थित महानदी पर बने डैम में रविवार की दोपहर एक युवक डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल के साथ युवक की तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद युवक की लाश बरामद हुई। गोताखोरों ने नदी से लाश निकाली और पुलिस ने मर्ग पंचनामा बनाते हुए लाश को पोस्टमार्टम के लिए बड़वारा अस्पताल भिजवाया लेकिन खबर लिखे जाने तक पोस्टमार्टम के लिए कोई भी डॉक्टर नहीं पहुंचा है। बताया जाता है कि भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप दुबे ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं बीएमओ से भी बात की लेकिन इसके बाद भी अब तक लाश का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खरखरी निवासी 24 वर्षीय बलराम पिता नरेश चौधरी रविवार की छुट्टी होने पर अपने दोस्तों के साथ महानदी डैम में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान वह देखते ही देखते गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बलराम को डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया। स्थानीय ग्रामीणों ने पानी में उतरकर युवक को खोजने की कोशिश की लेकिन डैम में अधिक गहराई और पानी के बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। बताया जाता है कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से लाश को महानदी से निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। लेकिन अभी लाश का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button