
सागर में प्रेग्नेंट महिला की डिलीवरी के दौरान यूरिनरी ब्लैडर से नारियल के शेप का स्टोन निकला है। ये ऑपरेशन बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में हुआ। पेट से निकला पत्थर आधा किलो वजनी है। ऑपरेशन के बाद महिला और उसका नवजात बेटा दोनों स्वस्थ हैं।
सानौधा निवासी 20 वर्षीय प्रीति अहिरवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। प्रीति की यह पहली डिलीवरी थी। डॉक्टर ने सोनोग्राफी कराई तो बच्चा ठीक था, लेकिन ब्लैडर में स्टोन समझ नहीं आ रहा था। ब्लैडर में हार्डनेस थी।
BMC के ऑब्स एंड गायनी डिपार्टमेंट की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. किरण नागर की टीम ने सर्जरी शुरू की। जिसके बाद 1 किलो 700 ग्राम का मेल बेबी हुआ। इसी दौरान महिला के यूरिनरी ब्लैडर में स्टोन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद डॉक्टर्स की टीम ने दूसरा ऑपरेशन शुरू किया। 30 मिनट तक चले इस ऑपरेशन में डॉक्टर्स की टीम ने महिला के यूरिनरी ब्लैडर से 10 सेंटीमीटर लंबा और 500 ग्राम वजनी स्टोन निकाला।