मध्य प्रदेशराज्य

पेंच नेशनल पार्क के रिसोर्ट में चल रहे शादी समारोह से जबलपुर के चार हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार : पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के पेंच नेशनल पार्क के एक रिसोर्ट में रात के समय शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे जबलपुर के चार हिस्ट्रीशीटर को जबलपुर और सिवनी जिले की कुरई थाना पुलिस बल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 10 राउंड से लोडेड एक पिस्टल भी जब्त किया गया है। जबलपुर के पुलिस अधिकारी चारों हिस्ट्रीशीटर को साथ लेकर जबलपुर रवाना हो गए।

 

बरघाट एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि जबलपुर पुलिस व सिवनी पुलिस ने संयुक्त कार्रवई कर कुरई थाना अंतर्गत पेंच टाइगर रिजर्व के टुरिया क्षेत्र स्थित एक रिसोर्ट से 4 कुख्यात आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

 

जबलपुर ओमती थाना में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक गैंग के सह आरोपितों के कुरई थाना अंतर्गत पेंच के एक रिसोर्ट में आयोजित शादी समारोह में पहुंचने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता ने त्वरित दल गठित कर संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जबलपुर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी व बरघाट एसडीओपी ललित गठरे के नेतृत्व में ओलिव रिसोर्ट के प्रत्येक कमरे, गार्डन और पूरे परिसर में सर्चिंग की गई। जबलपुर के थाना ओमती में दर्ज अपराध में रिसोर्ट से पुलिस ने आरोपित अजहर पुत्र रियाज खान, मेहमूद पुत्र अब्दुल वहीद खान के अलावा मोहम्मद पुत्र अब्दुल खालिक व मुहम्मद सज्जाक पुत्र मुहम्मद अकवास को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से एक देशी कट्टा पिस्टल जब्त कर कुरई थाने में धारा 25 आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई में कुरई थाना प्रभारी कृपालशाह टेकाम, अरी थाना प्रभारी आशीष खोबरागाड़े के साथ अन्य पुलिसकर्मी और जबलपुर का पुलिस अमला शामिल रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button