पुल की रेलिंग से टकराई अनियंत्रित कार, चालक घायल, डायल 112 ने घायल को पहुंचाया अस्पताल

कटनी/रैपुरा, यशभारत। सलैया रोड स्थित पतने नदी के पुल के पास देर रात एक भीषण सडक़ हादसा हो गया, जहां एक अनियंत्रित कार सीधे पुल की रेलिंग से टकरा गई। घटना में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डायल 112 की टीम ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अंकुर खारिया गुप्ता पिता प्रेमलाल 33 वर्ष निवासी हटा जिला दमोह देर रात लगभग 3 बजे अपनी कार से अपने गृहग्राम हटासे स्लीमनाबाद की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार पतने नदी के पुल के पास पहुंची, अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार तेज रफ्तार में पुल की रेलिंग से जा टकराई। ठोकर इतनी तेज थी कि वाहन चालक अंकुर खारिया घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 टीम मौके पर पहुंची। पायलट सुनील दाहिया, एनआरएस महेश रैकवार और राजेश पटेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत रैपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।







