पुलिस ने जब्त की 9 पेटी अवैध शराब, अवैध शराब विक्रेताओं पर रैपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कटनी, यशभारत। पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदना चौहान एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पवई श्रीमती भावना दांगी के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना रेपुरा पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बघवारकला में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब संग्रहित कर विक्रय कर रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर उक्त व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम राजकुमार राय पिता मापत राय निवासी बघवारकला बताया। आरोपी के कब्जे से 9 पेटी खाकी रंग के कार्टून में रखी अंग्रेजी गोवा व्हिस्की प्रत्येक पेटी में 50-50 क्वार्टर 1 पीले रंग की बोरी में रखी 29 क्वार्टर अंग्रेजी गोवा व्हिस्की इस प्रकार कुल 479 क्वार्टर 86 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 62 हजार रुपये है। अवैध शराब को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा माननीय न्यायालय पवई के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी रेपुरा उप निरीक्षक संतोष सिंह यादव, सउनि यशवंत सिंह, बाबू सिंह, मुबीन अहमद, चांदनी जैन, रवि खरे, अभिषेक वर्धन, राजेश पटेल, राहुल सिंह, द्वारका अहिरवार, अतुल मेहरा एवं रश्मि गौर का सराहनीय योगदान रहा।







