मध्य प्रदेशराज्य

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एमडी ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़; महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार, 75 हजार की ड्रग्स जप्त

 

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोतीनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में मोतीनगर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल रोड बस स्टैंड के पास एक युवक ड्रग्स बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश देकर घेराबंदी की और संदिग्ध को धर दबोचा।

 

तलाशी में जप्त हुई कुल 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स

 

पकड़े गए युवक ने अपना नाम सौरभ उर्फ रॉबिन पांडेय (उम्र 30 वर्ष, निवासी तिरूपतिपुरम, गोपालगंज, सागर) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 13.61 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर प्रकरण में शामिल महिला आरोपी शैलजा सोनी को भी गिरफ्तार किया गया। महिला के कब्जे से 15 हजार रुपये कीमत की 2.84 ग्राम ड्रग्स बरामद की गई। इस प्रकार पुलिस ने अब तक कुल 75 हजार रुपये मूल्य की 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स जप्त करने में सफलता पाई है।

 

सप्लाई चेन और फरार आरोपी की तलाश जारी

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस अवैध नशे के कारोबार में एक पूरी सप्लाई चेन काम कर रही है, जिसमें कई अन्य लोगों की संलिप्तता है। मामले का एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अब ड्रग्स के मुख्य स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को बेनकाब करने के लिए गहन जांच कर रही है, जिससे आगामी दिनों में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

 

 

इस ड्रग्स नेटवर्क को ध्वस्त करने में मोतीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत राजपूत, उप निरीक्षक लोकेश पटेल, प्रधान आरक्षक दिनेश यादव, सुनील चौबे, आरक्षक अनुराग वैद्य, सत्येन्द्र, गुड्डू शर्मा, चंदन बिल्थरे और ब्रजेश की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button