पाटन में शादी बचाने साढ़े तीन लाख देने के बाद भी पति कर रहा प्रताडि़त : घमापुर में नवविवाहिता से की 5 लाख की डिमांड मामले दर्ज, जांच जारी

जबलपुर, यशभारत। पाटन में दहेज प्रताडऩा का एक मामला सामने आया है। जिसमें शादी के बाद भी दहेज के साढ़े तीन लाख लेने के बाद भी पति ने मारपीट कर, पत्नी को घर से बाहर का रास्ता दिया।
जानकारी अनुसार अपने मायके में रह रही ममता पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि डेढ़ साल पूर्व उसका विवाह पनागर के कोहना में रहने वाले सुभाष पटेल के साथ हुआ था। शादी के तत्काल बाद सुभाष और उसके परिजनों ने ममता को कम दहेज लाने का उलाहना देकर मायके से साढ़े तीन लाख रुपए लाने की बात कही। शादी बचाने के लिए ममता और उसके मायके वालों ने बिना देर किए मांग भी पूरी कर दी। जिससे उनके हौंसले बढ़ गए और सुभाष फिर से प्रताडि़त कर मायके से रुपए लाने का दबाव डालने लगा। इस बार जब ममता ने डिमांड पूरी नहीं की तो मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।
दहेज में चाहिए पांच लाख
इसी तरह घमापुर थानाक्षेत्र के कांचघर केनरा बैंक के पास रहने वाली 37 वर्षीय मंजू यादव को उसका पति नितिन यादव 5 लाख रुपए की मांग कर शारीरिक और मानसिक रुप से प्रताडि़त कर रहा है। पीडि़ता ने बताया कि विवाह के दौरान हैसियत के हिसाब से दहेज दिया गया था। लेकिन उसके बाद भी दहेज की भूख कम नहीं हुई। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।