
पाकिस्तान के कराची शहर की यूनिवर्सिटी में मंगलवार दोपहर फिदायीन हमला हुआ। 5 लोगों की मौत हो गई है। हमला कन्फ्यूशियस इंस्टीट्यूट के पास एक कार के करीब हुआ। पुलिस के मुताबिक, मारे गए 5 लोगों में से तीन चीन की महिला प्रोफेसर हैं। चौथा उनका पाकिस्तानी ड्राइवर और पांचवा गार्ड है।
कराची पुलिस चीफ गुलाम नबी मेमन ने ‘द न्यूज’ वेबसाइट से बातचीत में कहा- यह एक फिदायीन हमला था और बुर्का पहने एक महिला ने इसे अंजाम दिया। मारे गए लोगों में तीन चीनी महिला प्रोफेसर, उनका ड्राइवर और गार्ड शामिल है। दो घायल गंभीर हैं।
नबी ने एक और अहम खुलासा किया। इससे लगता है कि घटना के बाद फायरिंग भी हुई। नबी ने कहा- धमाके के बाद घटनास्थल पर रेंजर्स की टीम पहुंचीं। इसके चार लोग घायल हुए हैं और उन्हें गोलियां लगी हैं। इसका मतलब यह हुआ महिला के साथ कुछ और लोग थे जो कैंपस में ही मौजूद थे। हम इन लोगों की तलाश कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, बलोच लिबरेशन फ्रंट ने हमले की जिम्मेदारी ली है।