पहले पुलिस पर मारपीट का आरोप, अब पलटा शिकायतकर्ता, झिंझरी चौकी प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों पर लगे थे आरो, एसपी ने कहा : शिकायत क्यों वापस ली, इसकी भी होगी जांच

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत झिंझरी पुलिस चौकी के प्रभारी राजेश दुबे और वहां पदस्थ पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने, घर से नकदी, जेवरात ले जाने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। पिछले दिनों पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से मामले की शिकायत करने के बाद अब शिकायतकर्ता ही पलट गया है। जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता ग्राम करहियाकला निवासी आशीष कुमार रजक ने एसपी को दी गई शिकायत वापस लेते हुए कोई कार्रवाई नहीं होने की बात कही है। शिकायतकर्ता अपनी शिकायत से क्यों मुकर गया, इसको लेकर भी कई तरह की चर्चाएं व्याप्त है। सूत्रों का कहना है कि झिंझरी पुलिस के दबाव में शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत वापस ली है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। उधर दूसरी तरफ जब इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से बात की गई तो उनका कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। मामले की जांच डीएसपी अजाक से कराई जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। शिकयत वापस लेने के सवाल पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि आजकल शिकायत वापस लेने का प्रचलन हो गया है। पहले लोग शिकायत कर देते हैं और फिर वापस ले लेते हैं। इसकी भी जांच कराई जाएगी कि आखिर शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत क्यों वापस ली है।
ये है मामला
ग्राम करहियाकला निवासी आशीष कुमार रजक ने एसपी को दी गई शिकायत में झिंझरी चौकी प्रभारी एएसआई राजेश दुबे सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया था। शिकायत में कहा गया था कि झिंझरी चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने पहले उनके साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार किया, इसके बाद उस पर झूठा मुकदमा दर्ज कर पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे और तलाशी ली। जांच के बहाने पुलिसकर्मी घर में रखे जेवरात और 50 हजार रुपए नगद ले गए। उसका मोबाइल फोन भी चोरी का कहकर जब्त कर लिया गया। एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने मामले की जांच डीएसपी शिवा पाठक को सौंपी थी।
इनका कहना है
यशभारत से बात करते हुए एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। यह बात सही है कि शिकायतकर्ता के पास से चाकू बरामद हुआ था, जो कि उसने ऑनलाइन मंगाया था, इसका पूरा रिकार्ड पुलिस के पास है। युवक ने पहले आरोप लगाए और अब मुकर गया, इसकी भी जांच कराई जाएगी।







