
पंजाब की AAP सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। राज्य में अब लोगों को राशन लेने के लिए डिपो जाने की जरूरत नहीं होगी। पंजाब सरकार उनके घर खुद राशन पहुंचाएगी। सोमवार को CM भगवंत मान ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को मजदूरी छोड़कर या घंटों इंतजार कर राशन डिपो पर धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। मान ने कहा कि वह जरूरतमंदों को अच्छा राशन उपलब्ध कराएंगे।
सब चीजें घर पहुंच रहीं तो राशन क्यों नहीं?
CM भगवंत मान ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी लोगों को अपने हिस्से का राशन लेने के लिए लंबी लाइनों पर खड़े होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तौर पर सब चीजें घर पहुंच जाती हैं। कई बार तो गरीब आदमी को राशन के लिए दिहाड़ी छोड़नी पड़ जाती है। उन्होंने कहा कि यह बड़े दुख की बात है। मैं बुजुर्ग माताओं को भी जानता हूं, जो 2 किमी दूर डिपो से राशन लाती हैं। फिर उसकी सफाई करती हैं। कई बार खाने लायक न होने पर भी उन्हें यह राशन खाना पड़ता है। अब इन सबसे छुटकारा मिलेगा।