मध्य प्रदेशराज्य

पंचायत का अजब फरमान, कुएं में नहाने पर 500 रुपये जुर्माना

यशभारत डिंडौरी।जिले की ग्राम पंचायत रामगुड़ा से पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां पंचायत द्वारा सार्वजनिक कुएं में नहाने और कपड़े धोने पर 500 रुपये जुर्माना लगाने का फरमान जारी कर दिया गया है। इतना ही नहीं, पंचायत ने इसकी सूचना कुएं के पास लिखवाकर ग्रामीणों को चेतावनी भी दे दी है।

ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में नल-जल योजना के तहत घर-घर नल कनेक्शन तो दिए गए हैं, लेकिन अधिकांश घरों तक नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है। गांव के कई हेडपंप भी लंबे समय से खराब पड़े हुए हैं, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि जिस कुएं से नल-जल योजना के लिए पानी सप्लाई किया जाता है, उसी कुएं का पानी दूषित है। इसके बावजूद पंचायत ने कुएं के उपयोग पर प्रतिबंध लगाते हुए नहाने और कपड़े धोने पर 500 रुपये जुर्माने का आदेश जारी कर दिया। पंचायत के इस फैसले से ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।

गांव की महिलाओं का कहना है कि पानी की समस्या का सबसे ज्यादा असर उन पर पड़ रहा है। उन्हें दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत की लापरवाही के कारण गांव में कुआं, हेडपंप और नल-जल योजना होने के बावजूद लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।

वहीं, मीडिया के गांव पहुंचने की जानकारी लगते ही पंचायत द्वारा नल-जल योजना की सप्लाई शुरू कर दी गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि अब भी दूषित पानी ही उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर गांव में स्वच्छ और नियमित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button