सिवनी यश भारत-सिवनी जिले में बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को कोतवाली पुलिस ने रात्रि के समय गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एफसीआई विभाग में नौकरी एवं सरकारी विभाग में वाहन लगवाने का प्रलोभन देकर तीन युवकों से कुल 29 लाख 1 हजार 30 रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र, मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा बैंक संबंधी दस्तावेज बरामद किए हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशानुसार बेरोजगार युवकों से नौकरी के नाम पर ठगी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस टीम ने प्रकरण में कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक चौरसिया निवासी छीतापार थाना कुरई, अनिल चौरसिया निवासी मरकावाड़ा थाना केवलारी एवं प्रभात नाग्या निवासी शास्त्री वार्ड सिवनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुनील शेल्के और उसके बड़े भाई रवि शेल्के ने उन्हें एफसीआई विभाग में नौकरी दिलाने तथा शासकीय विभाग में वाहन लगवाने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने 13 फरवरी 2023 से 16 जून 2025 के बीच फोनपे, नगद एवं बैंक खाते के माध्यम से कुल 29,01,030 रुपये प्राप्त किए। साथ ही कूटरचित तरीके से फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर आवेदकों को सौंप दिए।
शिकायत की जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर थाना कोतवाली सिवनी में 22 फरवरी 2026 को संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस ने तलाश के बाद सुनील शेल्के (50 वर्ष) एवं रवि शेल्के (62 वर्ष), निवासी नेहरू रोड सुभाष वार्ड सिवनी को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई में निरीक्षक सतीश तिवारी, एएसआई दिनेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी सहित कोतवाली पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
Back to top button