निर्माणाधीन पुल के पिलर की शटरिंग गिरने से बड़ा हादसा, एक मजदूर की मौत, दो घायल

जबलपुर यश भारत। ललपुर न्यू भेड़ाघाट के पास एनएचआई द्वारा निर्माणाधीन पुल के पिलर की शटरिंग असंतुलित होकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में वहां काम कर रहे तीन मजदूर नीचे गिर पड़े, जिनमें से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
एनएचआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमृतलाल साहू के अनुसार यह घटना रविवार रात लगभग 8:30 बजे हुई। शटरिंग अचानक असंतुलित होकर गिर गई, जिसकी चपेट में मजदूर आ गए।
घटना के बाद घायल मजदूरों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है।






