नए लुक में दर्शकों का मनोरंजन करने नीरज टॉकीज तैयार, कल से सिकंदर मूवी के साथ हो रही शुरुआत, पूरे परिसर में बेहतर इंतजाम

कटनी, यशभारत । शहर के लोगों के लिए गुड न्यूज है। नीरज टॉकीज की सिंगल स्क्रीन पर अब लोग फिर से मल्टी स्टारर और बड़े बजट की हिट फिल्मों का लुत्फ उठा सकेंगे। 40 साल पुरानी नीरज टॉकीज फिर से नए स्वरूप में लोगों को मनोरंजन करने को तैयार है। छविगृह के संचालक सुरेश गुप्ता ने पूरे सिनेमाघर का नए सिरे से कायाकल्प कर दिया है। कल 30 मार्च को ईद के अवसर पर देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही सलमान खान और रश्मिका मंदाना अभिनीत सिकंदर फिल्म से एक बार फिर नीरज टॉकीज की शुरुआत हो रही है। फिल्म के शौकीन लोगों में इसको लेकर काफी उत्सुकता है, क्योंकि सिंगल स्क्रीन वाला यह इकलौता सिनेमाघर अब शहर में जीवित है।
नीरज छविगृह की युवा प्रबंधक आरती कुशवाहा ने यशभारत को बताया कि पूरे छविगृह में रंग रोगन के साथ पर्दे और सीटों को भी नया लुक दे दिया गया है। इसके अलावा टिकट काउंटर, केंटीन, बुकिंग ऑफिस से लेकर हॉल और बॉक्स की विशेष साफ सफाई के साथ सुंदर लाइटिंग भी कर दी गई है। सिटिंग अरेंजमेंट ऐसा है कि दर्शकों को फिल्म देखने के दौरान आराम मिले। उन्होंने बताया कि हॉल, बालकनी और बॉक्स मिलाकर 1100 लोग एक साथ मूवी का आनंद उठा सकते है। छविगृह में पहले से ही पार्किंग के लिए बड़ा मैदान है। सोफा कम बैड वाले बॉक्स भी हैं। सेंट्रलाइज एयर कंडीशन और फूड कोर्ट के साथ सभी सीटें पुशबैक वाली हैं। मैनेजर आरती कुशवाहा ने बताया रोजाना 4 शो की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी। टिकट दर बॉक्स के लिए 120 रुपए, बालकनी 100 रुपए तथा अपर की टिकट 80 रुपए रखी गई है, ताकि सामान्य वर्ग के लोग आसानी से बड़े बजट की सुपरहिट फिल्मों का लुत्फ उठा सकें। टिकट की ऑनलाइन बुकिंग भी की जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि कटनी में में 50 के दशक से ही सिनेमाई माहौल रहा है। एक समय था जब कटनी शहर में 5 पिक्चर हॉल थे। लेकिन, समय के साथ अपडेट नहीं होने के कारण ये एक-एक करके बंद हो गए। इनमें 40 साल पुराना नीरज छविगृह ही ऐसा है जो लोगों का अब भी मनोरंजन कर रहा। संचालक सुरेश गुप्ता बताते हैं कि मई 1984 में शराबी फिल्म के प्रदर्शन के साथ नीरज टाकीज की शुरुआत की गई थी। उस दौर का यह सबसे व्यवस्थित और आकर्षक सिनेमाघर था। अब फिर से इसे कटनी वासियों की मांग के अनुरूप नया लुक देकर शुरू किया जा रहा है।








