सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले की कोतवाली पुलिस ने मानसिक रूप से प्रताड़ित कर दो युवकों को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रद्धा सोनकर के मार्गदर्शन में की गई।
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला गंगा नगर क्षेत्र से जुड़ा है। मृतक आदर्श बघेल एवं अभिजीत बघेल द्वारा 7 जनवरी 2026 को वाहन स्वामी श्रीकांत उर्फ गज्जु डहेरिया की स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक MP49C6154) को अमोदागढ़-कान्हीवाड़ा घूमने के लिए ले जाया गया था। वापसी के दौरान कान्हीवाड़ा हनुमान मंदिर के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद वाहन स्वामी श्रीकांत उर्फ गज्जु डहेरिया, अंकित बघेल एवं उनके साथियों प्रिसं मालवी, राहुल सनोडिया और हर्षित मालवी द्वारा कार की रिपेयरिंग के नाम पर मृतकों से दो लाख रुपये की मांग की गई। आरोप है कि आरोपियों ने बार-बार मोबाइल फोन कर मृतकों को परेशान किया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। लगातार दबाव और प्रताड़ना से आहत होकर आदर्श बघेल एवं अभिजीत बघेल ने 9 जनवरी 2026 को गंगानगर स्थित मकान में अज्ञात जहर का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। थाना स्तर पर टीम गठित कर त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी श्रीकांत उर्फ गजेन्द्र उर्फ गज्जु डहेरिया, अंकित बघेल एवं राहुल सनोडिया को गिरफ्तार किया गया। मामले में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश संभावित ठिकानों पर लगातार की जा रही है।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी सतीश तिवारी के साथ उपनिरीक्षक राहुल काकोडिया, जयशंकर उईके, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश रघुवंशी, प्रमोद मालवीय सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Back to top button