देश भक्ति के रंग में रंगा नरसिंहपुर : रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मनमोहा.. पढे पूरी खबर
मंत्री प्रहलाद पटेल ने फहराया तिरंगा

मंत्री पहलाद पटेल ने फहराया ध्वज
नरसिंहपुर यशभारत। जिले में गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति पूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्रामों से लेकर जिला मुख्यालय तक जगह- जगह गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य समारोह जिला मुख्यालय पर स्टेडियम ग्राउन्ड पर आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तत्पश्चात उन्होंने समृद्धि के प्रतीक रंगबिरंगे गुब्बारों को भी आकश में छोड़ा।
इसअवसर पर बैंड द्वारा जन-गण-मन की धुन प्रस्तुत की गई और मध्यप्रदेश गान हुआ। परेड कमाण्डर द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के पश्चात मुख्य अतिथि मंत्री श्री पटेल ने कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के साथ परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी भी ली। इसके पश्चात मंत्री श्री पटेल ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। मुख्यमंत्री के संदेश वाचन के पश्चात परेड दलों द्वारा जयघोष एवं हर्षफायर किया गया। समारोह में विशेष सशस्त्र बल 6 वीं बटालियन, जिला पुलिस बल, जिला महिला पुलिस बल, जिला होमगार्ड बल, एनसीसी सीनियर डिवीजन एमआईएमटी कॉलेज नरसिंहपुर, एनसीसी सीनियर विंग्स गल्र्स एमआईएमटी कॉलेज नरसिंहपुर, एनसीसी सीनियर डिवीजन पीजी कॉलेज नरसिंहपुर, एनसीसी जूनियर विंग्स ब्वायज शा.उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर, एनसीसी जूनियर विंग्स गल्र्स शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर, एनएसएस ओपन यूनिट नरसिंहपुर, एनएसएस सीनियर डिवीजन पीजी कॉलेज नरसिंहपुर, रेडक्रास गल्र्स शास.एमएलबी कन्या उमावि नरसिंहपुर, स्काउट गाइड शास. एमएलबी कन्या उमावि नरसिंहपुर और शौर्या दल महिला सशक्तिकरण नरसिंहपुर दल के सदस्यों की संयुक्त परेड द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया।

मुख्य अतिथि मंत्री श्री पटेल ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व मीसाबंदियों को शॉल श्रीफल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सीएम राइज शासकीय एसडीएम कन्या उमावि नरसिंहपुर, शास. एमएलबी कन्या उमावि नरसिंहपुर, अशास. नचिकेता स्कूल नरसिंहपुर और शास. उमावि खमरिया- झांसीघाट के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी। इसके पहले चांवरा विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने आकर्षक बैंड का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
विभागों द्वारा निकाली गई आकर्षक झांकियां
गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा जिला व प्रदेश के विकास की थीम पर विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों पर आधारित झांकियां प्रदर्शित की गई। यातायात पुलिस द्वारा गुड सेमेरिटन योजना, हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, कृषि विभाग, जिला पंचायत द्वारा विशेष ग्रामसभा व स्वच्छता, वन विभाग द्वारा छात्रों को वन का भ्रमण व पर्यावरण के प्रति जागरूक करने, सतपुड़ा बाबेर संग्रहण, रस्सी एवं हस्तकला निर्माण केन्द्र गोटीटोरिया, जनजातीय कार्य विभाग, मप्र ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएचई विभाग, रेशम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जेल विभाग व अन्य विभागों द्वारा मनोरम झांकियों का प्रदर्शन किया गया। मंत्री श्री पटेल ने जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारी- कर्मचारियों, पुलिस, व्यक्तियों, संस्थाओं को पुरस्कृत किया।
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में उत्कृष्ट परेड के लिए विशेष सशस्त्र बल 6 वीं बटालियन को प्रथम और परेड छात्र-छात्रा दल में एनसीसी सीनियर विंग गल्र्स एमआईएमटी कॉलेज नरसिंहपुर को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। गणतंत्र दिवस पर प्रदर्शित की गई झांकियों में कृषि विभाग को प्रथम, जेल विभाग को द्वितीय और स्वास्थ्य विभाग को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शास. एमएलबी कन्या उमावि नरसिंहपुर को प्रथम, सीएम राइज शासकीय एसडीएम कन्या उमावि नरसिंहपुर को द्वितीय और शास. उमावि खमरिया- झांसीघाट को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, पूर्व विधायक जालम सिंह पटैल व भैयाराम पटैल, अभिलाष मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष नीरज दुबे, डॉ.हरगोविंद पटैल, सुनील कोठारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, अन्य विशिष्ट जनप्रतिनिधि, डीएफओ लवित भारती, सीईओ जिला पंचायत दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्रीमती अंजली शाह, अन्य अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन संजय चौबे, दीपक अग्निहोत्री और श्रीमती विभा दुबे ने किया।
कलेक्टर द्वारा कलेक्टर कार्यालय, निवास व सहकारी बैंक में राष्ट्रीय ध्वज फहराया
कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने कलेक्टर कार्यालय एवं निवास और जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक नरसिंहपुर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया एवं राष्ट्रीय गान का गायन किया। इस दौरान अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। कलेक्टर श्रीमती पटले ने गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनायें दी।
जिला जनसम्पर्क कार्यालय में सहायक संचालक राहुल वासनिक ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2024 के पर्व पर जिला जनसम्पर्क कार्यालय नरसिंहपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सामूहिक राष्ट्रीय गान का गायन किया। इस अवसर पर अरविंद शुक्ला, एलपी गिरदोनिया, मंगल प्रसाद ठाकुर, श्रीमती बालकृष्णा भारती, शहीद खान, आकाश राय, मि_ू लाल ढीमर और अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
विधायकों ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
गणतंत्र दिवस के अवसर पर गोटेगाँव विधायक महेन्द्र नागेश ने स्टेडियम ग्राउंड गोटेगाँव में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। साथ ही मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन भी किया। इसके अलावा गणतंत्र दिवस पर विधायक तेंदूखेड़ा विश्वनाथ सिंह पटेल ने सीएम राइस विद्यालय डोभी में झंडा वंदन करने के पश्चात यहाँ स्कूली छात्र छात्राओं के साथ विशेष भोज में शामिल हुए।
भारत पर्व पर गायन, नृत्य व लोक गीतों की मनोरम प्रस्तुति
नरसिंहपुर यभाप्र। गणतंत्र दिवस की संध्या पर 26 जनवरी को पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के ऑडिटोरियम में लोकतंत्र का लोकोत्सव भारत पर्व के कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत गायन, नृत्य, लोक गीतों की मनोरम रंगारंग प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले व सीईओ जिला पंचायत दलीप कुमार द्वारा सरस्वती पूजन और दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
भारत पर्व का आयोजन संस्कृति विभाग के अंतर्गत जिला प्रशासन के तत्वावधान में किया गया। भारत पर्व पर नरसिंहपुर वासियों ने लोकोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देखने. सुनने को मिलीं। इस अवसर एसडीएम मणिन्द्र कुमार सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संध्या कोठारी, सुनील कोठारी, उप संचालक सामाजिक न्याय श्रीमती अंजना त्रिपाठी, सहायक संचालक जिला जनसम्पर्क कार्यालय नरसिंहपुर राहुल वासनिक अन्य अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक मौजूद थे।
भारत पर्व पर कलापथक दल ने जय जवान- जय किसान व अन्य गीत प्रस्तुत किये। इसके बाद प्रदीप पुरोहित ने जहां पांव में पायल हाथ में कंगन हो माथे पे बिंदिया इट हप्पेंस ओनली इन इंडिया एकल गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान नर्मदापुरम के आनंद कुमार नामदेव का 10 सदस्यीय दल ने देशभक्ति गीतों की शांति प्रस्तुति देकर दर्शकों से खूब तालियां बटोरी। उन्होंने वंदे मातरम्, जिंदगी मौत न बन जाये संभालो यारो, ऐ मेरे वतन के लोगों तुम खूब लगा लो नारा- ये शुभ दिन है हम सब का- लहरा लो तिरंगा प्यारा, मेरा रंग दे बसंती चोला,मेरा रंग दे बसंती चोला, के देशभक्ति से ओतप्रोत गानों की शानदार प्रस्तुतियां दी। इसके बाद चाणक्य विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति व अन्य गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति से दर्शकों से खूब तालियां बटोरी। भारत पर्व के कार्यक्रम में नवरंग शक्ति ग्रुन ने अहीर नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, जिससे दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसी तरह श्री नरसिंह पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने राधा-कृष्ण रास नृत्य प्रस्तुत किया। इस नृत्य को देखकर दर्शकों का मन भी झूमने लगा और खूब तालियां बटोरी। डिंडौरी से आये प्रीतम सिंह मरावी का 15 सदस्यीय दल ने पारंपरिक कर्मा लोक नृत्य प्रस्तुत किया। इसे दर्शकों से भरपूर सराहना मिली। मुंगवानी से आये कलाकारों ने शैला नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में एसके मालवीय ने छोड़ो कल की बातें, कल की बात पुराने, नए दौर में लिखेंगे मिलकर नई कहानी, हम हिंदुस्तानी, हम हिंदुस्तानी, एकल गायन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर ने कलाकारों को प्रमाण पत्र वितरित किये। इसके अलावा कलेक्टर ने प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल ठेमी गोविंद बड़कुर, हायर सेकेंडरी स्कूल उमरिया के दीपक अग्निहोत्री, शिक्षक टेकसिंह पटैल, जनशिक्षक प्रदीप मेहरा, सोशल मीडिया हैंडलर सिद्धार्थ रैकवार, शिक्षक एलपी गिरदौनिया, भृत्य मंगल सिंह ठाकुर, अंकित वर्मा, वेदांत दुबे, देवांश पचौरी, प्रदीप पुरोहित, मनीष गुप्ता और अन्य कर्मचारियों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन दीपक अग्निहोत्री ने किया।