
उत्तर प्रदेश के संभल में जयमाल के स्टेज पर एक दूल्हे को अपनी दुल्हन को किस करना भारी पड़ गया। इससे दुल्हन इतनी नाराज हुई कि शादी करने से ही इनकार कर दिया। दूल्हा और उसके घरवाले लगातार दुल्हन की मिन्नतें करते रहे, लेकिन वह टस से मस नहीं हुई। मामला थाने तक जा पहुंचा। मगर, फिर भी दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनी। आखिरकार, दूल्हे वालों को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा। मामला सोमवार रात का है।
दरअसल, बदायूं में 26 नवंबर को एक सामूहिक विवाह हुआ था। इसमें एक युवक-युवती भी विवाह के बंधन में बंध गए थे। एक बार शादी होने के बाद भी 28 नवंबर को दूल्हा पक्ष पारंपरिक तरीके से बारात लेकर दुल्हन के गांव पहुंचा। बारात की अगवानी और द्वारचार के बाद दूल्हा जयमाल के स्टेज पर पहुंचा। थोड़ी देर के इंतजार के बाद दुल्हन भी जयमाल लेकर स्टेज पर पहुंच गई। दोनों ने एक-दूसरे को जयमाल पहनाया। मगर, इसके बाद अचानक दूल्हे ने दुल्हन को किस कर लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से दुल्हन भी कुछ देर के लिए हैरान रह गई। मगर, कुछ देर में ही वह आगबबूला हो गई और पैर पटकते हुए स्टेज से उतर कर चली गई।