
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर एक हाई लेवल बैठक चल रही है। इस बैठक को लेकर सबसे बड़ा और चौंकाने वाला अपडेट यह है कि चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी सोनिया गांधी के आवास पर पहुंचे हैं। जानकारी के मुताबिक, बैठक में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, अंबिका सोनी, दिग्विजय सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे, अजय माकन और केसी वेणुगोपाल भी मौजूद हैं। माना जा रहा है कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर को अपने साथ जोड़ सकती है।
आपको बता दें कि हाल ही में पांच राज्यों में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद से ही प्रशांत किशोर और गांधी परिवार के बीच बातचीत होने की चर्चाएं चल रहीं थी। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रशांत किशोर को अहम जिम्मेदारी दे सकती है। हालांकि पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस और प्रशांत किशोर के बीच बातचीत की खबरें आईं थी, लेकिन यह बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई।