सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत बलारपुर ग्राम के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रहा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बृजलाल मरकाम, निवासी हिनोतिया (कान्हीवाड़ा) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि बृजलाल ट्रैक्टर लेकर किसी कार्य से जा रहे थे, तभी बलारपुर के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बंडोल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बंडोल थाना प्रभारी मनोज जंघेला ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिस पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
Back to top button