
नगर निगम ने रचा इतिहास: राजस्व वसूली में रिकॉर्ड उछाल
39.24 करोड़ की वसूली, 58% वृद्धि के साथ पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त
“तेजतर्रार आईएएस निगमायुक्त तपस्या परिहार के नेतृत्व में बढ़ा जनविश्वास, विकास कार्यों को मिली नई दिशा”

कटनी,यशभारत। नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व वसूली के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। निगम द्वारा इस वर्ष कुल 39.24 करोड़ रुपये की वसूली की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 58.16 प्रतिशत अधिक है।
सशक्त नेतृत्व दूरदर्शी कार्य शैली का असर
“इस सफलता के पीछे निगमायुक्त तपस्या परिहार का सशक्त नेतृत्व और दूरदर्शी कार्यशैली प्रमुख रूप से सामने आई है। तेजतर्रार आईएएस अधिकारी के रूप में उन्होंने जब से नगर निगम में कार्यभार संभाला है, तब से न केवल राजस्व वसूली में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, बल्कि जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों में भी निरंतर प्रगति दर्ज की जा रही है।
निगमायुक्त की कार्यशैली का ही प्रभाव है कि नगर निगम के प्रति आम नागरिकों का भरोसा पुनः मजबूत हुआ है।
पारदर्शिता, त्वरित समाधान और सख्त प्रशासनिक रुख के चलते लोगों ने स्वेच्छा से कर अदायगी में सहभागिता दिखाई, जो इस ऐतिहासिक उपलब्धि का मुख्य आधार बना।
इस बार बढ़ा ग्राफ….
नगर निगम की राजस्व वसूली में पिछले तीन वर्षों से लगातार वृद्धि देखी जा रही है—
वित्तीय वर्ष 2023-24: लगभग 24.80 करोड़ रुपये
वित्तीय वर्ष 2024-25: 24.85 करोड़ रुपये
वित्तीय वर्ष 2025-26: 39.24 करोड़ रुपये
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि योजनाबद्ध रणनीति और प्रभावी क्रियान्वयन से निगम ने निरंतर प्रगति की है और इस वर्ष ऐतिहासिक छलांग लगाई है।
विभिन्न मदों में हुई वसूली पर नजर डालें तो संपत्ति कर 16.47 करोड़, जलकर 6.95 करोड़, बाजार किराया 1.71 करोड़ और विविध शुल्क 13.38 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में बड़ी बढ़ोतरी को दर्शाता है।
राजस्व वसूली के लिए चलाया गया विशेष अभियान इस सफलता का प्रमुख आधार रहा। वार्डवार टीमों द्वारा घर-घर संपर्क, बकायेदारों पर सख्ती और व्यापक प्रचार-प्रसार से नागरिकों को जागरूक किया गया। साथ ही डिजिटल भुगतान, विशेष शिविर और अवकाश के दिनों में काउंटर संचालन जैसे नवाचारों ने लोगों को सुविधा प्रदान की।
निगम प्रशासन का मानना है कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिसमें नागरिकों और निगम कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
रिकॉर्ड राजस्व वसूली से नगर निगम की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है, जिससे अब शहर में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद देखी जा रही हैं।







