तालाब में नहाने गई ननद-भाभी डूबीं: युवक ने बचाई एक की जान, दूसरी की मौत; दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं महिलाएं

डिंडोरी। शाहपुर थाना क्षेत्र के बरछा गांव में मंगलवार सुबह तालाब में नहाने गई ननद-भाभी के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के दौरान दोनों महिलाएं गहरे पानी में डूबने लगीं। मौके पर मौजूद एक युवक ने साहस दिखाते हुए एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरी महिला की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बरछा गांव में एक परिवार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आईं संपत्तियां उद्दे और लक्ष्मी बाई उद्दे मंगलवार सुबह करीब 9 बजे गांव के तालाब में नहाने पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान संपत्तियां का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसने लक्ष्मी बाई का हाथ पकड़ रखा था, जिससे दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगीं।
महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद गांव के युवक नोहर सिंह ने बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी। उसने काफी प्रयास कर लक्ष्मी बाई को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरी महिला को नहीं बचाया जा सका। बाद में ग्रामीणों की मदद से महिला को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
शाहपुर थाना प्रभारी केवल सिंह परस्ते ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







