ट्वेन्टी ट्वेन्टी वर्ल्ड कप में भारत का विजयी आगाज, सूर्या की शानदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों ने किया कमाल, यूएसए की टीम को पहले मैच में हराया

मुम्बई। मुम्बई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत ने ट्वेन्टी ट्वेन्टी वर्ल्ड कप में विजयी आगाज किया। इस मुकाबले में भारत ने संयुक्त राज्य अमेरिका यूएसए की टीम को 29 रनों से हराया। टॉस हारने के बाद भारत ने पहले बल्लेबाजी की। लगातार विकेट गिरने के बाद भी कप्तान सूर्या एक छोर पर डटे रहे और शानदार बल्लेबाजी करते हुए एक मजबूत स्कोर तक टीम को पहुंचाया। इसके बाद गेंदबाजों ने कमाल करते हुए भारत को शानदार जीत दिलाई। घातक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में टीम में शामिल किए गए मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लेकर शानदार वापसी की और भारत की जीत की नींव रखी।
इस मुकाबले में यूएसए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाए और यूएसए को जीत के लिए 162 का टारगेट दिया। भारत के ओपनर अभिषेक गोल्डन डक पर तो इशान किशन 20 रन पर आउट हुए। तिलक वर्मा ने 25 रन की पारी खेली जबकि शिवम दुबे भी डक पर आउट हुए। हार्दिक पंड्या ने 5 रन पर विकेट गंवा दिया जबकि रिंकू सिंह ने 6 रन बनाए। अक्षर पटेल 14 रन पर निपट गए। सूर्यकुमार ने 36 गेंदों पर अर्धशतक लगाया और 49 गेंदों पर 84 रन की पारी खेलकर नाबाद रहे। यूएसए के लिए वान शल्कविक ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। यूएसए को हराने के बाद अब भारत का अगला मुकाबला दिल्ली में नामीबिया की टीम से 12 फरवरी को है।
भारत की प्लेइंग 11
इशान किशन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।
यूएसए की प्लेइंग 11
एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), सैतेजा मुक्कमल्ला, मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, अली खान, सौरभ नेत्रवलकर।







