मंडला l बिछिया के वार्ड नंबर 10, जंतीपुर खंजर मोहल्ला में एक 1 माह 26 दिन के मासूम बालक की संदेहास्पद मौत का मामला सामने आया है। बालक को आंगनवाड़ी केंद्र में नियमित टीकाकरण के तहत इंजेक्शन लगाया गया था, जिसके बाद उसे बुखार आया और उसकी मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
मृतक बालक के पिता किरण चौधरी और माता रितु चौधरी ने बताया कि यह उनकी पहली संतान थी। शुक्रवार को जंतीपुर आंगनवाड़ी में बच्चे का वैक्सीनेशन कराया गया था। परिजनों ने बताया कि इंजेक्शन लगने के बाद बच्चे को बुखार आया। जब बच्चे के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजन तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने टीकाकरण के बाद हुई मौत पर संदेह जताते हुए जांच की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ मंडला ने तुरंत जांच टीम गठित की और जबलपुर संयुक्त संचालक को भी सूचित किया। बिछिया बीएमओ डॉ. अनुप मरावी ने बताया कि परिजनों की शंका के आधार पर तीन डॉक्टरों की संयुक्त टीम द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया। जिला स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जबलपुर से भी एक विशेषज्ञ टीम जांच के लिए बिछिया पहुंचेगी। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। विभाग अन्य बच्चों की सेहत पर भी नजर रखे हुए है जिससे टीकाकरण को लेकर किसी भी प्रकार का भ्रम या भय न फैले।