देश

जिला चिकित्सालय क़े इमरजेंसी कक्ष के सामने नर्सिंग की ट्रेनिंग कर रही छात्रा की नृशंस हत्या : चाकू से गला रेत कर युवक ने उतारा मौत के घाट, परिजनों ने किया चक्का जाम, कहा- आरोपी को दी जाए फांसी, प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है मामला

घटना के दौरान गार्ड और चिकित्सकों ने किए दरवाजे बंद, परिजनों ने कहा इन्हें भी तत्काल हटाया जाए

नरसिंहपुर यशभारत। नरसिंहपुर जिला चिकित्सालय में नर्सिंग  की ट्रेनिंग कर रही छात्रा की हत्या क़े सनसनी खेज मामला के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है l जहां एक और खुद को चाकू मार कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने हिरासत  में ले लिया है तो वहीं आक्रोशित परिजनों ने  चक्का जाम कर, आरोपी को तत्काल फांसी देने की मांग  कर रहे हैं… इतना ही नहीं परिजनों का आरोप है कि जिस वक्त उनकी बिटिया को चाकू लगा उस वक्त जिला चिकित्सालय में तैनात गार्ड और चिकित्सकों ने  दरवाजा बंद कर लिए थे… अगर वह कोशिश करते तो उनकी बिटिया को बचाया जा सकता था जिसके चलते परिजन चिकित्सकों और गार्ड को भी हटाने की मांग कर रहे हैं  I कयास लगाए जा रहे हैं कि यह मामला प्रेम प्रसंग का हो सकता है, सच्चाई क्या है अब यह तो पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा?

बीते दिवस शुक्रवार दोपहर के समय उस समय जिला चिकित्सालय में आफरा-तफरी मच गयी जब एक युवक ने नर्सिंग की ट्रेनिंग कर रही एक युवती के साथ मारपीट करते हुए उसका गला रेत कर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी  युवती का गला रेतकर अस्पताल से फरार हो गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सांकल रोड पटेल वार्ड निवासी 18 वर्षीय संध्या चौधरी पिता हीरालाल चौधरी नर्सिंग की ट्रेनिंग कर रही थी वह घटना दिवस को भी ट्रेनिंग के लिए जिला चिकित्सालय पहुंची तभी इमरजेंसी कक्ष 22 नं. के सामने काली शर्ट पहने एक युवक आया और युवती के साथ वाद-विवाद करने लगा तभी अपने पास रखे चाकू से युवती का गला रेत दिया जिससे अधिक रक्त बहने के कारण युवती की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार युवक का नाम अभिषेक कोष्टी निवासी गणेश मंदिर के पास रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की जानकारी लगते हुए एसडीएम, कोतवाली टीआई गौरव चांटे पुलिस बल के साथ मौजूद पर पहुंच गये थे।

युवक ने खुद के गले में भी मारा चाकू

जिला चिकित्सालय में उपस्थित प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अभिषेक ने पहले संध्या के गले में चाकू रेता फिर उसने स्वयं को मारने की नियत से खुद के गले में चाकू मारकर फरार हो गया। हालांकि कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

हट जाओ वरना तुम्हें भी मार दूंगा

जिला चिकित्सालय में नर्सिंग ऑफिसर नलिन भी वहां मौजूद थे, उन्होंने बताया कि एक युवक वहां आया और कुर्सी पर बैठी संध्या के साथ वाद-विवाद मारपीट करते हुए अपने पास रखा चाकू निकालकर युवती को मारने लगा, तब हम लोगों ने मना किया तो हमे युवक ने धमकी दी कि तुम बीच में मत बोलों वरना तुम्हें भी मार दूंगा। मैं पलटा ही था कि युवक ने युवती का गला चाकू से रेत दिया।

शव लेने से परिजनों ने किया इनकार

जिला चिकित्सालय में मौजूद मृतक संध्या के परिजनों ने शव लेने से मना कर दिया। परिजनों का कहना है कि आरोपी को फांसी तुरंत दी जाये, और आरोपी का घर बुलडोजर से तुड़वाया जाये। मृतक संध्या के परिजनों ने जिला चिकित्सालय के मुख्य गेट पर चकाजाम कर दिया। देर रात तक पुलिस के उच्चाधिकारियों सहित एसडीएम की समझाईश के बाद चकाजाम खुला।

डॉक्टर को भी तुरंत हटाया जाए

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस वक्त युवक ने युवती का गला काटा उस समय इमरजेंसी कक्ष में ड्यूटी पर उपस्थित डॉक्टर ने दरवाजा बंद कर लिया था। परिजनों ने कहा कि दरवाजा बंद करने वाले डॉक्टर को तत्काल हटाया जाये।

सुबह फिर कर दिया चकाजाम

मृतक के परिजनों ने बताया कि कल रात्रि को एसडीएम ने हमे आश्वासन दिया था कि सुबह आरोपी का घर तोड़ दिया जायेगा, परंतु आरोपी का घर न टूटने के कारण परिजन फिर आक्रोशित हो गये और सुबह पुन: जिला अस्पताल के सामने चकाजाम कर दिया। परिजनों का कहना है कि  अभी तक कोई कार्यवाही क्यों नहीं की गईl

अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाये परिजनों ने सवाल

मृतक के परिजनों का कहना है कि जिला चिकित्सालय में गार्ड की तैनाती है परंतु अस्पताल के अंदर हमारी बिटिया को युवक ने सबके सामने मौत के घाट दिया, तब कहा गये थे गार्ड?…. पीड़ित परिवार जनों का कहना है कि  अगर गार्ड चाहते तो बिटिया को बचाया भी जा सकता था। वहीं मृतक के परिजनों ने कहा कि अस्पताल पुलिस चौकी में पुलिस कर्मियों को यहां से हटाया जाये।

पुलिस ने कहा फास्ट टै्रक कोर्ट में ले जायेंगे केस

एएसपी संदीप भूरिया ने बताया कि आरोपी अभिषेक कोष्टी नाम के युवक ने  छात्रा की चाकू से गला रेत कर हत्या की है। आरोपी पुलिस गिरफ्त में है। जांच के बाद आरोपी को कठोर से कठोर सजा दिलाने का प्रयास किया जायेगा। भूरिया ने कहा कि कोशिश करेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला जाए। अभी हत्या की वजह सामने नही आयी है। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जायेगा जिम्मेदारों पर कार्यवाही की जायेगी। समाचार लिखे जाने तक चकाजाम था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button