जबलपुर में दूसरे दिन भी सुबह छाए बादल बिना बरसे आगे बढ़े

जबलपुर, । बुधवार को दूसरे दिन भी मौसम की रंगत बदली रही। सुबह से आसमान पर बादल छाए रहे। ठंडी हवाएं भी लोगों को जाड़े का अहसास कराती रही। मौसम के बदले अंदाज को देख लोगों को लगा कि बारिश होगी। नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम विभाग ने भी बादल-बारिश की संभावना जताई थी। बादलों के बीच सूरज की आंख मिचौली भी जारी रही। बादल बिना बरसे ही आगे बढ़ गए और सूरज ने धूप बिखेरनी शुरू कर दी। उत्तरी ठंडी हवाएं भी धूप के असर से फीकी पड़ गई और ठंड कमजोर होती जा रही है। उत्तर के साथ चली पूर्वी हवाओं से ठंड का असर कम ही रहा। मौसम विभाग के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। जो एक-दो दिन तक बना रहेगा।
पारे में उतार-चढ़ाव: पश्चिमी विक्षोभ के असर से अचानक बदले मौसम से तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री तक पहुंच गया था। जो मंगलवार को कुछ कम होकर 25.8 डिग्री पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो रात का तामपान 9.7 डिग्री से करीब दो डिग्री बढ़कर 11.9 डिग्री पर पहुंच गया। तापमान में आए उतार-चढ़ाव से दिन में ठंड का असर कम रहा जबकि रात में हल्की ठंडक कायम रही। वही बुधवार को सुबह 8:30 बजे तक अधिकतम 15 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अभी एक दो दिन तापमान में बढ़ोत्तरी देखी जा सकेगी इसके बाद 17 – 18 फरवरी से तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है।