जनपद प्रांगण में 11 हजार की रिश्वत लेते सरपंच गिरफ्तार, लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई से मचा हड़कंप

कटनी/ शाहनगर, यशभारत। जनपद पंचायत शाहनगर परिसर में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब लोकायुक्त सागर की 7 सदस्यीय टीम ने ग्राम पंचायत चौपरा के सरपंच को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई दोपहर करीब 1 बजे जनपद प्रांगण स्थित बरगद के पेड़ के पास की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी नंदलाल सिंह राठौर ने सागर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके कूप (कुएं) के निर्माण की स्वीकृति एवं भुगतान से संबंधित कार्य कराने के एवज में सरपंच द्वारा 11 हजार रुपये की अवैध मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की।
बुधवार को फरियादी को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये लेकर जनपद प्रांगण बुलाया गया था। जैसे ही सरपंच ने राशि स्वीकार की, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। मौके पर नोटों का केमिकल टेस्ट किया गया, जिसमें रिश्वत की पुष्टि होने पर रकम जब्त कर ली गई। अधिकारियों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान जनपद परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय नागरिकों ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश बताते हुए ऐसी कार्रवाइयों के निरंतर जारी रहने की अपेक्षा जताई है।








