इंदौरग्वालियरजबलपुरभोपालमध्य प्रदेशराज्य

गंदे पानी में धनिया धोने वाला गिरफ्तार : बहते पानी में हर रोज धोता था सब्जी

भोपाल के सिंधी कॉलोनी चौराहे पर गंदे पानी से सब्जी धोने के मामले में हनुमानगंज पुलिस ने सब्जी वाले को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोला मंदिर निवासी धर्मेंद्र अहिरवार के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि जिस जगह का उसका वीडियो सामने आया है, वहां पानी की पाइप लाइन फूटी हुई है। जिसका पानी नाली में बहता है। उसी पानी से वह हर रोज सब्जी धोता था।

धर्मेंद्र ने बताया कि वह अकेले ही इस पानी में सब्जी नहीं धोता था। अन्य व्यापारी भी इसी पानी का इस्तेमाल करते हैं। थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि गंदे पानी से सब्जी धोने का वीडियो सामने आने के बाद मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी को पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसने गुनाह कबूल लिया है।

 6 महीने से लाइन में लीकेज
सिंधी कॉलोनी चौराहे पर कुछ दुकानों के सामने से करीब 6 महीने से पानी बह रहा है। यह पानी कोलार पाइप लाइन के लीकेज का बताया जाता है। इस वजह से यहां पर गंदगी भी पसरी रहती है। दुकानदार परमानंद प्रजापति ने बताया कि यह पानी बीते 6 महीने से बह रहा है। इसी पानी में से लोग अपनी गाड़ियां लेकर निकलते हैं। कई बार शिकायत की, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। सुबह-सुबह सब्जी वाले यहां पर आकर सब्जियां धोते हैं।

व्यापारी की जानलेवा हरकत
गैस्ट्रो इंस्ट्रोल्जिस्ट डॉ. संजय कुमार ने बताया कि रुके हुए पानी के कारण पानी में कई तरह के बैक्टीरिया पैदा हो जाते हैं। पानी साफ होने के बाद भी आस-पास गंदगी है, तो भी पानी दूषित होता है। अगर इस पानी का उपयोग सब्जियों को धोने में किया जा रहा है, तो उसका उपयोग करने वाले को लीवर और पेट से जुड़ी बीमारियां होने की संभावना है। इसमें मुख्य रूप से पेट का इंफेक्शन, पीलिया और टाइफाइड जैसी बीमारियां होने की संभावनाएं ज्यादा हो सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon Join Yashbharat App
Notifications Powered By Aplu