मध्य प्रदेशराज्य

खेत के गड्ढे में डूबने से दो मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत :  क्षेत्र में शोक की लहर

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मेहरा खापा के रिंझाई टोला में शुक्रवार रात एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां खेत में बने पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के दो मासूम सगे भाइयों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 27 मार्च की रात लगभग 7-8 बजे की है। मृतक बच्चों की पहचान कृष्णा मर्सकोले (9 वर्ष) और कायरव मर्सकोले (5 वर्ष), पिता दिनेश मर्सकोले, निवासी रिंझाई टोला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे शाम के समय घर के पास स्थित खेत में खेलते-खेलते पहुंच गए थे। इसी दौरान वे खेत में बने गहरे गड्ढे के पास चले गए, जो पानी से भरा हुआ था।

खेलते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों बच्चे गड्ढे में गिर गए और गहराई अधिक होने के कारण बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी डूबकर मौत हो गई। देर रात तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद दोनों बच्चों के शव खेत के उसी गड्ढे से बरामद किए गए।

एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।

घटना की सूचना मिलते ही कान्हीवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार 28 मार्च को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

कान्हीवाड़ा थाना प्रभारी संतोष पन्द्रे ने बताया कि गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button