मामूली विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, पेट और हाथ में घोंपा चाकू

मामूली विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, पेट और हाथ में घोंपा चाकू
6 लोगों ने घेराबंदी कर पीटा, हमीदिया में युवक की हालत गंभीर
भोपाल, यशभारत। राजधानी के गौतम नगर थाना अंतर्गत रंभा नगर में सोमवार देर रात महज घूरने जैसी छोटी सी बात पर हुए विवाद में 6 दबंगों ने मिलकर एक टेलरिंग की दुकान चलाने वाले युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के पेट और हाथ पर चाकू से तीन ताबड़तोड़ वार किए और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। घायल युवक को गंभीर अवस्था में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।
पुरानी रंजिश में बदला मामूली विवाद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुलफाम (31) पिता मोहम्मद जुबैर, रंभा नगर का निवासी है और बागफरहत अफजा में लेडीज टेलर की दुकान चलाता है। विवाद की शुरुआत रविवार रात को हुई थी, जब गुलफाम मोहल्ले में ही साजिद मौलाना के घर के पास खड़ा था। साजिद ने तू मुझे क्यों घूर रहा है की बात पर गुलफाम से गाली-गलौज और बहस की थी।
घेराबंदी कर किया हमला सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात जब गुलफाम अपने घर लौट रहा था, तभी साजिद और उसके बेटे ने उसे रास्ते में रोक लिया। देखते ही देखते साजिद का भाई शाहजाद, उसका बेटा साहिल बच्चा और बिलाल बच्चा भी वहां पहुँच गए। सभी ने मिलकर गुलफाम की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच साहिल और बिलाल ने चाकू निकालकर गुलफाम के पेट और हाथ पर हमला कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का केस चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। परिजनों ने तुरंत घायल को हमीदिया अस्पताल पहुँचाया। गौतम नगर पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर साजिद, शाहजाद, साहिल, बिलाल और अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।






