खुलेआम चल रही शराब की अवैध भट्टियां, सिलौडी का मामला, मंडल अध्यक्ष ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर की कार्रवाई की मांग

कटनी, यशभारत। ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिलौड़ी चौकी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध शराब निर्माण और बिक्री का मामला सामने आया है। सिलौडी क्षेत्र में करीब 35 से 40 अवैध शराब भट्टियां संचालित हो रही हैं। अवैध शराब की उपलब्धता से क्षेत्र के युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। प्रदेश सरकार नशामुक्ति को लेकर अभियान चला रही है, ऐसे में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। सिलौडी मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में संचालित अवैध शराब भट्टियों की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में मांग की गई है कि क्षेत्र में संचालित अवैध शराब भट्टियों की जांच कराकर उन्हें बंद कराया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि कार्रवाई होने से क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रभाव पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। इससे पहले बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने भी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार को लेकर पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। ऐसे में सिलौडी क्षेत्र से सामने आया यह मामला अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई को लेकर प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े करता है।







