कोहरे की आगोश में हुआ सम्पूर्ण जिला, छाई रही धुंध : फिर न्यूनतम तापमान होगा कम, हाड कंपाने वाली ठंड से फिर ठिठुरेगा जिला

मंडला l विगत एक पखवाड़े से मौसम के मिजाज बदले हुए नजर आ रहे है। जिसके चलते सोमवार की सुबह भी मौसम का मिजाज एकदम से बदला नजर आया। लोग सुबह जब सोकर उठे तो शहर कोहरे की आगोश में डूबा हुआ था। सुबह 9 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण करीब 100 मीटर तक दिखाई दे रहा था, लेकिन इसके बाद घने कोहरे के कारण धुंध के अलावा कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। मोटरसाईकिल और चौपहिया वाहन चालकों को अपने वाहनों की लाईट जलाकर चलना पड़ा। घने कोहरे के कारण लोगों को आसपास का कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। जिले भर में यह कोहरे की धुंध छाई रही।
जानकारी अनुसार पिछले एक पखवाड़े से फिर अधिकतम व न्यूनतम के तापमान में उठा पटक देखी जा रही है। अचानक तापमान बढऩे से ठंड के तेवर कुछ कम हो गए थे, वहीं न्यूनतम तापमान भी 12 डिग्री के आसपास पहुंच गया था। जिसके कारण ठंड का असर थोड़ा कम ही था। मंडला में सोमवार के दिन की शुरूआत कोहरे से हुई। बदले मौसम के कारण कोहरे की धुंध छाई रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म होते ही न्यूनतम तापमन काम होगा। जिसके बाद शीत लहर और ठंड का असर बढ़ जाएगा। लगता है कि इस बार संक्राति के दौरान ही हाड़ कपां देने वाली ठंड पड़ेगी। बताया गया कि मौसम का रुख लगातार बदल रहा है और ठंड अपना असर मौसम साफ होने के बाद ही दिखाना शुरू कर देगी। जिले में सोमवार को न्यूनतम तापमान 08 डिग्री सेल्सियस रहा। विगत पांच दिन से न्यूनतम तापमान ऊपर नीचे हो रहा है। वहीं अधिकत्तम तापमान भी 26 से 29 डिग्री के आसपास चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ होते ही ठंड अपने तेवर दिखाना फिर शुरू कर देगी।