
महंगाई, बेरोजगारी और आदिवासियों पर अत्याचार को मुद्दा बनाकर मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस ने आज प्रदर्शन किया। इसे युवा शंखनाद नाम दिया गया। कांग्रेस नेता व्यापमं चौराहे से CM हाउस घेरने के लिए निकले, लेकिन रेडक्रॉस हॉस्पिटल के सामने पुलिस ने बैरिकेड लगा रखे थे। कांग्रेस नेताओं को वॉटर कैनन से पानी की बौछार कर पीछे हटाया गया। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी और दूसरे पदाधिकारियों को हिरासत में लिए जाने के बाद ही प्रदर्शन खत्म हो गया। प्रदर्शन डेढ़ घंटे चला।
प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के साथ नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, पूर्व पीसीसी चीफ सुरेश पचोरी, अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा समेत कई बड़े नेता जुटे। इससे पहले मंच पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि अगले चुनावों में युवाओं को ज्यादा मौके दिए जाने चाहिए। अरुण यादव ने कहा- मैं युवा हूं और कमलनाथ भी युवा हैं, हम उनके नेतृत्व में मप्र में सरकार बनाएंगे। कमलनाथ ने कहा कि सिर्फ महंगाई, बेरोजगारी, व्यापमं ही चुनौती नहीं है। हमारी संस्कृति को बचाने की सबसे बड़ी चुनौती है। आज भारतीय जनता पार्टी के पास तीन चीजें बची हैं- पुलिस, पैसा और प्रशासन। याद रखिए हम न पैसे, न पुलिस और न प्रशासन से दबेंगे।