एमबीबीएस इंटर्न्स पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन का प्रयोग दुर्भाग्यपूर्ण अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शांतिपूर्ण आंदोलन का समाधान लाठी नहीं, संवाद और संवेदनशीलता से हो घायलों को तत्काल उपचार और निष्पक्ष जांच की मांग भोपाल यश भारत

एमबीबीएस इंटर्न्स पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन का प्रयोग दुर्भाग्यपूर्ण अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद
शांतिपूर्ण आंदोलन का समाधान लाठी नहीं, संवाद और संवेदनशीलता से हो घायलों को तत्काल उपचार और निष्पक्ष जांच की मांग
भोपाल यश भारत । शासकीय गांधी चिकित्सा महाविद्यालय भोपाल के एमबीबीएस इंटर्न्स द्वारा अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री निवास की ओर निकाले गए शांतिपूर्ण मार्च के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज एवं वाटर कैनन का प्रयोग किए जाने की घटना को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अनुसार कार्रवाई में कई छात्र घायल हुए हैं तथा कुछ छात्रों के गंभीर रूप से चोटिल होने और फ्रैक्चर की जानकारी भी सामने आई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक छात्र का अधिकार है। मेडिकल इंटर्न्स स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग किया जाना संवेदनशीलता एवं संवाद की भावना के विपरीत है।
इंटर्न्स की मांगों को लेकर पहले भी सक्रिय रही
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कहा कि एमबीबीएस इंटर्न्स की समस्याओं और उनकी मांगों को लेकर संगठन पहले भी लगातार उनके साथ खड़ा रहा है। इंटर्न्स की मांगों के समर्थन में एवीबीपी द्वारा शांतिपूर्ण मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया था। इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाकर उनकी मांगों को शासन प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास भी किया गया। संगठन ने कहा कि एवीबीपी का हमेशा प्रयास रहा है कि मेडिकल विद्यार्थियों एवं इंटर्न्स की समस्याओं का समाधान शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक और संवैधानिक माध्यमों से संवाद के जरिए हो। संगठन ने स्पष्ट किया कि वह आज भी एमबीबीएस इंटर्न्स के साथ मजबूती से खड़ा है और उनकी जायज मांगों के समाधान के लिए आवाज उठाता रहेगा। एवीबीपी ने कहा कि इंटर्न्स की समस्याओं का समाधान लाठी और वाटर कैनन से नहीं, बल्कि संवाद और संवेदनशीलता से होना चाहिए। संगठन के अनुसार शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे मेडिकल इंटर्न्स पर लाठीचार्ज व्यवस्था की संवेदनशीलता और संवाद तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घायलों को तत्काल उपचार और निष्पक्ष जांच की मांग
एवीबीपी ने प्रशासन से मांग की है कि घायल हुए सभी मेडिकल इंटर्न्स को तत्काल उचित एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाए। संगठन ने शासन से एमबीबीएस इंटर्न्स की जायज मांगों पर तत्काल संवाद स्थापित करने तथा भविष्य में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलनों के दौरान बल प्रयोग के स्थान पर संवाद और संवेदनशीलता को प्राथमिकता देने की मांग की है। एवीबीपी ने स्पष्ट किया कि वह मेडिकल इंटर्न्स के लोकतांत्रिक अधिकारों एवं उनकी जायज मांगों के समर्थन में उनके साथ खड़ी है।







