मध्य प्रदेशराज्य

आधी रात घर पर पेट्रोल बम हमला :धमाके से मचा हड़कंप, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध युवक

सतना (कोलगवां)। शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत उतैली में रविवार रात को एक घर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। यह सनसनीखेज घटना रात करीब 11:30 बजे की है, जब नारायण तालाब के पास स्थित लल्लू पांडेय का परिवार घर में आराम कर रहा था।

 

जानकारी के मुताबिक, जैसे ही परिवार रात का भोजन कर सोने की तैयारी कर रहा था, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर की बाउंड्री के भीतर पेट्रोल बम फेंका, जिससे जोरदार धमाका हुआ। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन घबराकर बाहर भागे।

धमाके के बाद दहशत में परिवार

धमाके की आवाज सुनते ही लल्लू पांडेय, उनकी पत्नी, बेटा, बहू और 2 साल का पोता बाहर की ओर दौड़े, लेकिन हमलावर मौके से फरार हो चुका था। घटनास्थल पर कांच की बोतल के टुकड़े मिले, जिससे पुष्टि हुई कि हमला पेट्रोल बम से किया गया था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने डायल 100 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सोमवार सुबह उन्होंने कोलगवां थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध, तलाश जारी

हमले के बाद जब पुलिस ने इलाके की जांच की, तो पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक युवक संदिग्ध अवस्था में भागते हुए दिखाई दिया। हालांकि, घटना के समय बारिश और अंधेरा होने के कारण संदिग्ध की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर संदिग्ध की शिनाख्त और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

पुलिस का बयान:

“घटना को गंभीरता से लिया गया है। प्रारंभिक जांच में शरारती तत्वों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। सभी कोणों से जांच की जा रही है।”

स्थानीय लोगों में दहशत:

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोग यह सोचकर चिंतित हैं कि अगर परिवार के सदस्य कुछ कदम आगे होते, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button