आकार लेने लगी गणेश प्रतिमाएं : नए अंदाज में मनाया जाएगा महापर्व तैयारियां जारी

नरसिंहपुर, यशभारत। इन दिनों मूर्तिकार काफी व्यस्त नजर आ रहे है, वह गणेश प्रतिमाओं को आकार देने में जुटे हुए है। आगामी दिनों में गणेश स्थापना को देखते हुए मूर्तिकारों द्वारा जोर-शोर से गणेश प्रतिमाओं को बनाने का काम प्रगति पर है। नगर में कुछ बाहर के मूर्तिकार आकर गणेश प्रतिमाओं को बनाने का काम रहे है। वहीं कुछ मूर्तिकार आर्डर मिलने के बाद ही मूर्ति का निर्माण कर रहे है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मूर्तिकार ललित कश्यप स्थानीय गुलाब चौराहा के पास श्री गणेश सहित दुर्गा प्रतिमाओं को बनाने में व्यस्त नजर आ रहे है। मूर्तिकारों का कहना है कि पहले हम बिना आर्डर लिये प्रतिमाओं का निर्माण करते थे लेकिन कुछ वर्षों से जितने आर्डर हमें मिलते है हम उतनी ही गणेश प्रतिमाओं को आकार देते है।
वहीं जब से नर्मदा में गणेश, दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन पर रोक लगी है तब से कुछ सीजन ठंडा सा हो गया है। गणेश मंडल के सदस्य अब बड़ी मूर्ति रखने से कतरा रहे है और वे छोटी मूर्ति का ज्यादा पसंद कर रहे है। वहीं आगामी पर्व को देखते हुए गणेश मंडलों के सदस्यों द्वारा बैठक आयोजित कर इस वर्ष गणेश चतुर्थी को कुछ नये अंदाज में मनाने की रणनीति भी बनायी जा रही है।
महंगाई की मार भी
जानकारी के अनुसार महंगाई की मार भी मूर्तिकारों को परेशान करके रखी हुई है जो मूर्ति पहले 2000 रूपये, 3000 हजार रूपये बेची जाती थी आज उसका रेट आसमान छू रहा है, और इस महंगाई में गणेश मंडल के सदस्य भी इतनी महंगी मूर्ति लेने से कतराते है। इसलिए छोटी व माध्यम मूर्ति का हम लोगों द्वारा निर्माण किया जा रहा है। क्योंकि मूर्ति बच जाने से हमें आर्थिक परेशानी होती है। क्योंकि पहले हम स्वयं की लागत लगाकर मूर्ति का निर्माण करते है ऐसे में अगर कोई मूर्ति बच जाती है तो भारी परेशानी होती है।
कई जगह बन रही मूर्ति
नगर के विभिन्न क्षेत्रों में मूर्तिकारों द्वारा गणेश, दुर्गा प्रतिमाओं का निर्माण किया जा रहा है इनमें कई लोग बाहर से आकर यहां मूर्ति निर्माण कर रहे है तो कई लोग नगर के ही है। वहीं जिला मुख्यालय से लगे हुए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी मूर्तिकारों द्वारा गणेश प्रतिमाएं बनायी जा रही है।







