
कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंगला लाइन इलाके में उस समय हडक़ंप मच गया, जब अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पहुंचे आबकारी विभाग के अमले पर कतिपय लोगों ने पथराव कर दिया गया। घटना के दौरान आबकारी विभाग की तीन सरकारी गाडिय़ों पर पत्थर बरसाए गए, जिससे वाहनों के कांच टूट गए। इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई की। माधवनगर पुलिस ने इस मामले में केशव प्रसाद उईके पिता स्व कमल उईके की रिपोर्ट पर आकाश वंशकार पिता लल्लू वंशकार, साहिल वंशकार एवं अन्य के खिलाफ धारा 132, 192(2) 324 (4), 125 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। आबकारी विभाग के अधिकारी ने बताया कि कार्रवाई से नाराज महिलाओं और कुछ युवकों ने एकजुट होकर अमले पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस पथराव से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। इस पत्थरों में आबकारी विभाग की तीन गाडिय़ों के कांच चकनाचूर हो गए। गनीमत यह रही कि इस दौरान आबकारी विभाग के किसी अधिकारी व कर्मचारियों को चोटें नहीं आई। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।