अमृत भारत एक्सप्रेस में गंदगी का ‘सफर’: जूठे डिस्पोजल बॉक्स धोकर दोबारा हो रहे इस्तेमाल, वायरल वीडियो ने खोली रेलवे की पेंट्री सेवाओं की पोल,रेल मंत्रालय से की गई शिकायत
यश भारत सतना।सतना जिले से गुजरने वाली सुपरफास्ट ट्रेन 16601 इरोड-जोगबनी अमृत भारत एक्सप्रेस एक बार फिर चर्चा में है। इस बार कारण है – खानपान में बरती जा रही घोर लापरवाही। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में ट्रेन की पेंट्री कार में झूठे डिस्पोजल बॉक्स को धोकर दोबारा इस्तेमाल करते हुए देखा गया है। यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया।
यह ट्रेन इरोड जंक्शन (ED) से जोगबनी (JBN) तक लंबी दूरी तय करती है, ऐसे में यात्रियों की खाद्य सुरक्षा एक प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए, लेकिन इस घटना ने रेलवे की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
एक्स (पूर्व ट्विटर) पर कई यात्रियों और जागरूक नागरिकों ने इस वीडियो को टैग कर रेल मंत्रालय और IRCTC से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस प्रकार की लापरवाही से यात्रियों के स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है और यह खाद्य सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है।
रेल मंत्रालय की प्रतिक्रिया का इंतजार
शिकायतें दर्ज कर दी गई हैं, लेकिन अभी तक रेल मंत्रालय या IRCTC की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उपयोग किए गए डिस्पोजल कंटेनरों को धोकर पुनः उपयोग के लिए रखा जा रहा है, जो न केवल स्वच्छता मानकों के खिलाफ है, बल्कि संक्रमण फैलाने का कारण भी बन सकता है।
यात्रियों में भय और नाराजगी
यात्रियों का कहना है कि जब एक सुपरफास्ट ट्रेन की यह हालत है, तो अन्य ट्रेनों की स्थिति की कल्पना ही डरावनी है। लोगों ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सख्त निगरानी की व्यवस्था की जाए।
रेलवे की खानपान नीति के अनुसार, डिस्पोजल आइटम्स का केवल एक बार उपयोग किया जाना चाहिए। यदि पेंट्री सेवाएं इन निर्देशों का उल्लंघन कर रही हैं, तो यह भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों के भी विरुद्ध है।