अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर,2 घायल : 1 मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर,केवलारी ग्राम के समीप हुआ हादसा

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना अंतर्गत केवलारी ग्राम के पास रात्रि के समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसके कारण बाइक सवार 2 लोग घायल घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक बाइक में सवार होकर धनीराम चौधरी उम्र 35 वर्ष और उसका पुत्र आरव चौधरी उम्र 5 वर्ष घंसौर आ रहे थे जब वह केवलारी ग्राम के समीप पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिसके कारण दोनों घायल हो गए।
घटना की जानकारी प्रत्यक्ष दर्शियों ने घंसौर पुलिस और 108 वाहन में दी। जिसके बाद घायल व्यक्तियों को 108 एम्बुलेंस की मदद से घंसौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए लाया गया। जहां धनीराम की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज 108 एंबुलेंस की मदद से रेफर कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा कैसे हुआ। साथ ही टक्कर मार कर फरार वाहन व ड्राइवर की तलाश की जा रही है। घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झारिया का कहना है कि सूचना मिली थी कि सड़क हादसे में बाइक सवार 2 लोग घायल हो गए हैं। फिलहाल घटनाक्रम की जांच की जा रही है।