सांसद खेल महोत्सव में बदइंतजामी के चलते बीमार हुए बच्चे, पुड़ी-सब्जी खाते ही एक दर्जन छात्रों की बिगड़ी तबियत, कटनी लाकर कराया भर्ती, हालत में सुधार

कटनी, यशभारत। जिला मुख्यालय पन्ना में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन के दौरान खिलाडिय़ों को दूषित भोजन का वितरण करने का मामला सामने आया है। फूड प्वाइजनिंग की इस घटना ने पूरे आयोजन पर सवालिया निशान लगा दिया है। इतने बड़े इवेंट में बच्चों को दूषित खाना दिए जाने से उनकी तबियत बिगड़ गई। एक दर्जन बच्चों का स्वास्थ्य खराब होने के बाद देर रात करीब 11 बजे उन्हें 108 एम्बुलेंस से कटनी लाकर जिला चिकित्सालय एवं प्राईवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इनमे से कुछ बच्चों की हालत में सुधार हुआ है तो कुछ की हालत स्थिर है, जबकि तीन बच्चों को अस्पताल से डिस्चार्ज भी किया गया है। इस घटना के बाद विपक्ष के नेताओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए सत्तापक्ष के नेताओं को आड़े हाथों लिया है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि सांसद व्ही डी शर्मा के नेतृत्व में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसका उद्घाटन विगत 25 नवंबर को कटनी के फॉरेस्टर प्लेग्राउण्ड में हुआ था। इसके बाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी आठों विधानसभा क्षेत्रो में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमे पूरे खजुराहो लोकसभा क्षेत्र से हजारों की तादात में बच्चों ने हिस्सा लिया। 25 दिसम्बर को पन्ना जिले में सांसद खेल महोत्सव का समापन समारोह आयोजित किया गया । जिसमे कटनी जिले के मुड़वारा, रीठी, बहोरीबंद, विजयराघवगढ़, स्लीमनाबाद से बड़ी संख्या मेंं बच्चों ने पहुंचकर खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। बताया जाता है कि खेल महोत्सव के समापन के उपरांत जब खिलाड़ी कटनी जाने के लिए बस में सवार हुए, तब उन्हें भोजन का वितरण किया गया, जिसमे आलू की सब्जी और पूड़ी थी। सब्जी-पुड़़ी खाने के बाद छात्राओं को रास्ते में ही उल्टी होने लगी। जिसके बाद छात्राओं को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में भर्ती करवाया गया, फिर जिला अस्पताल कटनी लाकर भर्ती कराया गया।
बुधवार से ही खराब था स्वास्थ्य
छात्राओं ने बताया कि उनकी तबियत पहले से ही खराब थी। बस में बैठने के बाद और ज्यादा बिगड़ गई। बुधवार रात को भी आलू की सब्जी और पूड़ी खाया था, जिसको खाने के बाद कुछ छात्राओं को रात के वक्त से ही उल्टी हो रही थी। दवा लेने के बाद आराम मिल गया था। समापन समारोह के बाद सभी ने दोबारा आलू की सब्जी और पूड़ी खाई और घर के लिए रवाना हो गए। बस में बैठने के बाद से ही घबराहट होने लगी थी। अमानगंज के बाद हालत बिगडऩे लगी। आधा दर्जन से अधिक छात्राओं को उल्टी होने लगी। छात्राओं ने कॉल कर परिजनों को सूचना दी। स्पेशल बस में विद्यालय का स्टॉफ भी मौजूद था। स्टॉफ ने चालक को सीधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर चलने कहा। छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में भर्ती करवाया।
एम्बुलेंस से किया कटनी रेफर
बीमार छात्राओं में सविता चौधरी पिता राजाराम चौधरी 15, शिवानी साहू पिता सत्यनारायण साहू 15, रुकमणी पिता नौने लाल 15, साहिबा खान पिता बसीम खान 14 सभी निवासी कटनी सविता सिंह पिता नारायण 17 निवासी रीठी कटनी, कंचन पिता सुरेश 14 छोटा सरहेटा, महक पिता संतोष बर्मन 16 निवासी रीठी शामिल थी। इनमें तीन की हालत बिगड़ती जा रही थी। इन्हें इलाज के बाद भी आराम नहीं मिला तो ३ं छात्राओं को एम्बुलेंस से पवई से कटनी रेफर किया।
बेपरवाही का खामियाजा उठाना पड़ा बच्चों को : कांग्रेस
जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव में बदइंतजामी का खामियाजा कटनी जिले के प्रतिभावान खिलाडिय़ों को उठाना पड़ा। देश के भविष्य बच्चों के साथ धोखाधड़ी करते हुए उनके जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है। इस प्रकार का आयोजन भाजपा सरकार ने किया है। सांसद खेल प्रतियोगिता का आयोजन अपने संसदीय क्षेत्र में आयोजन करा रहे हैं, इसमें भी लूट मची हुई है। भ्रष्टाचार की हद हो रही है।
खिलाडिय़ों के लिए सजा बन गया खेल महोत्सव : आप
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह सेंगर ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव में व्यवस्थाएं इतनी खराब थी कि कटनी जिले की रीठी तहसील के खिलाड़ी खेल जीतने की बजाए जिन्दगी से जूझने के लिए मजबूर हो गए। भोजन तक की व्यवस्था नहीं थी। खराब खाना खिलाया गया और नतीजा यह रहा कि 7 खिलाड़ी बीमार हो गए, जिसमे 4 की हालत गंभीर है। यह लापरवाही नहीं, संवेदनहीन सत्ता का चेहरा है। जो खिलाड़ी प्रदेश का नाम रोशन करने आए थे, उन्हें अस्पताल की राह दिखा दी।
खबर को दबाने की कोशिशें
इस घटना के सामने आने के बाद ही सांसद के करीबी लोग खबर को दबाने के लिए सक्रिय हो गए। पवई से लेकर कटनी तक भाजपा के नेता मीडियाकर्मियों को कव्हरेज करने से रोकते रहे। प्रयास यह भी हुए कि मैनेजमेंट के जरिए यह पूरा मामला सामने न आए। पवई में भाजयुमो जिलाध्यक्ष द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयासों के चलते वहां के मीडियाकर्मियों से उनकी बहस भी हुई, जबकि कटनी में भाजपा नेता इसी कोशिश में लगे रहे।
इनका कहना है
रात में पन्ना से 6 बच्चों को तबियत खराब होने के बाद कटनी जिला चिकित्सालय लाया गया था। जिसमे से तीन बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है, जबकि तीन बच्चे अभी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत में सुधार भी हो रहा है।
-डॉ. यशवंत वर्मा, सिविल सर्जन







