यूसीसी पर गरमाई सियासत, विश्वास सारंग बोले , देश में एकरूपता के लिए समान कानून जरूरी

यूसीसी पर गरमाई सियासत, विश्वास सारंग बोले , देश में एकरूपता के लिए समान कानून जरूरी
कांग्रेस पर साधा निशाना कहा तुष्टीकरण और विभाजन की राजनीति से हुआ नुकसान
भोपाल यश भारत। यूनिफॉर्म सिविल कोड UCC को लेकर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि देश में एकरूपता और समानता सुनिश्चित करने के लिए समान कानून लागू करना बेहद जरूरी है। सारंग ने कहा कि वर्तमान ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी यह आवश्यक है कि सभी नागरिकों के लिए कानून एक जैसा हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी समाज में जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए और कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने हमेशा विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा दिया है। जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटकर सत्ता हासिल करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के तहत एक वर्ग विशेष को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया जिससे देश को नुकसान हुआ। मंत्री ने कहा कि अब केंद्र और राज्य सरकारें पूर्व की गलत नीतियों को सुधारने का काम कर रही हैं। उनका मानना है कि जब देश में एकरूपता आएगी और विकास की रफ्तार तेज होगी तो इससे विपक्षी दलों को असहजता होना स्वाभाविक है।
सारंग ने दोहराया कि समान कानून ही देश को मजबूती और स्थायित्व प्रदान करेगा, जिससे सभी नागरिकों का भविष्य सुरक्षित और सुनहरा बन सकेगा।







