पंचकल्याणक गजरथ महोत्सव : कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मुनियों का लिया आशीर्वाद
दमोह| प्रदेश के पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल आज शिव नगर में चल रहे 1008 पंचकल्याणक गजरथ महोत्सव में पहुंचकर निर्यापक मुनि अभय सागर एवं संघ के सभी मुनियों को श्रीफल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर आयोजन समिति के द्वारा मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का साफा बांधकर, अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।आयोजन स्थल पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का करतल ध्वनियों से स्वागत किया।
इस अवसर पर पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा पूरे बुंदेलखंड और महाकौशल क्षेत्र में लगातार इस प्रकार के आयोजन चल रहे हैं, जिसका प्रमुख उद्देश्य विश्व शांति एवं समाज को अहिंसक बनाने की दिशा में ऊर्जा प्रदान करना है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल, जनपद पंचायत दमोह अध्यक्ष प्रीति ठाकुर, नरेंद्र बजाज, सुशील गुप्ता, कैलाश शैलार, सहित बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।