भदभदा ब्रिज से कूदकर युवा कारोबारी ने की खुदकुशी

भदभदा ब्रिज से कूदकर युवा कारोबारी ने की खुदकुशी
सुसाइड से पहले वॉट्सऐप पर लिखा- मैं अपनी मर्जी से जान दे रहा हूं
भोपाल, यशभारत। राजधानी के भदभदा ब्रिज पर गुरुवार रात एक युवक ने बड़ा तालाब में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी 30 वर्षीय हेमंत राय के रूप में हुई है। हैरान करने वाली बात यह है कि कदम उठाने से ठीक पहले हेमंत ने अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर अपनी लोकेशन और सुसाइड की बात साझा की थी।
वॉट्सऐप स्टेटस पर दी जानकारी
हेमंत ने सुसाइड से पहले अपने स्टेटस पर लिखा- मैं अपनी मर्जी से जान दे रहा हूं। किसी का कोई दबाव नहीं है। भदभदा पुल पर हूं। जैसे ही परिजनों और दोस्तों ने यह स्टेटस देखा, वे तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हेमंत छलांग लगा चुके थे। शुक्रवार सुबह गोताखोरों की मदद से शव को निकाला गया और हमीदिया अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
दोहरे व्यवसाय से जुड़े थे हेमंत
पुलिस के मुताबिक, हेमंत राय मेहनत कश युवक थे। वे शादी-पार्टियों में वीडियोग्राफी का काम करते थे और साथ ही रातीबड़ इलाके में उनकी नमकीन की दुकान भी थी। घर में उनकी शादी की चर्चा चल रही थी और परिजन उनके लिए लड़की तलाश रहे थे। परिजनों का कहना है कि हेमंत ने कभी किसी परेशानी या तनाव का जिक्र नहीं किया। उनके आखिरी पोस्ट में भी किसी व्यक्ति या कारण को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है, जिससे गुत्थी उलझ गई है।
पुलिस की कार्रवाई: रातीबड़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस अब हेमंत के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले उनकी किससे बातचीत हुई थी। शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं है। परिजनों के विस्तृत बयान और मोबाइल की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।”







