यशभारत ब्रेकिंग : संयुक्त आयुक्त सहकारिता 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

यशभारत ब्रेकिंग : संयुक्त आयुक्त सहकारिता 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
– ईओडब्ल्यू सागर की टीम ने की कार्रवाई
भोपाल यशभारत। सेल्समेन के रिक्त पद पर नियुक्ति कराने के नाम पर 50 हजार रुपए की रिश्वत लेने वाले सागर के संयुक्त आयुक्त सहकारिता शिवेंद्र देव पांडेय को ईओडब्लयू की टीम ने बुधवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी संयुक्त आयुक्त पांडेय के विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक दिग्विजय सिंह उर्फ घनश्याम राजपूत निवासी पनवारी तह. घुवारा जिला छतरपुर द्वारा ईओडब्ल्यू सागर में एक आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया था। जिसमें सेवा सहकारी समिति पनवारी जिला छतरपुर में रिक्त सेल्समेन के पद पर आवेदक की नियुक्ति हेतु शिवेंद्र देव पांडेय संयुक्त आयुक्त सहकारिता सागर संभाग द्वारा लाख रुपए की रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया गया था। आवेदन पत्र के सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए गए और आरोपी द्वारा आवेदक के कार्य के लिए रिश्वत की मांग किया जाना पाया गया। आवेदक ने जब एक लाख रुपए की व्यवस्था करने में असमर्थता जताई तो संयुक्त आयुक्त पांडेय 50 हजार रुपए की रिश्वत लेने के लिए तैयार हो गया। बुधवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ इकाई सागर की टीम द्वार संयुक्त आयुक्त सहकारिता सागर संभाग शिवेंद्र देव पांडेय को आवेदक दिग्विजय सिंह से 50 हजार रूपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया। पांडेय के हाथ जब केमिकल से धुलवाए गए तब हाथ गुलाबी हो गए। आवेदक ने बताया कि सेल्समेन के पद नियुक्ति का प्रस्ताव समिति द्वारा पारित किया गया था जो कि अनुमोदन के लिए संयुक्त आयुक्त कार्यालय में लंबित था। कार्रवाई में इओडब्ल्यू सागर से उप पुलिस अधीक्षक उमा नवल आर्य, निरीक्षक प्रशांत मिश्रा, निरीक्षक आदेश जैन, उप निरीक्षक अंजलि तिवारी, उप निरीक्षक सोनल पाण्डेय, सूबेदार रोशनी सोनी, उनि अतुल पंथी की भूमिका महत्सपूर्ण रही।







