जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

यश भारत ब्रेकिंग ….पिस्तौल की तलाश में पहुंची पुलिस, घर से निकले 3 करोड़ रुपये नकद

सागर में टैक्सी ड्राइवर के घर मिली बड़ी रकम

 

भोपाल, यश भारत। सागर के गोपालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की एक कार्रवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब हथियार की तलाश में एक युवक के घर पहुंची पुलिस को करीब 3 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस को युवक द्वारा सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो पोस्ट किए जाने की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर पुलिस उसकी जानकारी जुटाते हुए तिली तिगड्डा क्षेत्र स्थित घर पहुंची और तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को हथियार तो नहीं मिला, लेकिन बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। रकम इतनी अधिक थी कि उसकी गिनती के लिए मशीन की मदद लेनी पड़ी। मामले की सूचना मिलते ही सागर एसपी अनुराग सुजानिया और एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में घर के अंदर पूछताछ और जांच की कार्रवाई की गई।

पुलिस की पूछताछ में परिवार के सदस्यों ने बताया कि बरामद करीब 3 करोड़ रुपये सागर में रहने वाले परिवार के नहीं हैं, बल्कि भोपाल के चूना भट्टी क्षेत्र में रहने वाले उनके रिश्तेदार के हैं, जो लोक निर्माण विभाग (PWD) में इंजीनियर हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। रकम वास्तव में किसकी है, इसका स्रोत क्या है और इतनी बड़ी राशि सागर में क्यों रखी गई थी, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

दोनों भाई किराए की टैक्सी चलाते हैं

पुलिस के अनुसार घर में सौरभ अहिरवार अपने भाई अंकित और मां के साथ रहता है। दोनों भाई किराए की टैक्सी चलाते हैं। उनके पिता जगदीश अहिरवार का निधन हो चुका है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि टैक्सी चलाने वाले परिवार के घर इतनी बड़ी रकम कैसे पहुंची और इसका वास्तविक संबंध किससे है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व और आयकर विभाग की टीमों को भी जांच में शामिल किया गया है। अधिकारी बरामद नकदी के साथ उससे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और रकम के स्रोत को लेकर जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने बरामद रकम के संबंध में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। इसलिए यह स्पष्ट होना बाकी है कि करीब 3 करोड़ रुपये वास्तव में PWD इंजीनियर के हैं या परिवार द्वारा किया गया दावा जांच में सही साबित होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button