पानी की टंकी में बक्से के भीतर मिला महिला का शव

पानी की टंकी में बक्से के भीतर मिला महिला का शव
भोपाल, यश भारत। निशातपुरा थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी के एक टैंक में संदिग्ध अवस्था में एक महिला का शव बरामद हुआ। हत्या कर शव को छुपाने के उद्देश्य से उसे एक लोहे के बक्से में बंद कर पानी में फेंका गया था। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।
बक्से से आती दुर्गंध ने खोला राज
जानकारी के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित पानी के टैंक के पास से गुजर रहे स्थानीय लोगों को तेज दुर्गंध आई। संदेह होने पर जब रहवासियों ने पास जाकर देखा, तो पानी में एक बक्सा तैरता नजर आया। सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से भारी मशक्कत के बाद बक्से को पानी से बाहर निकाला। जब बक्सा खोला गया, तो उसमें एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ।
शिनाख्ती और जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक विशेषज्ञों (FSL) की टीम ने भी मौका-मुआयना किया है। शव काफी हद तक फूल चुका है, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि मौत दो-तीन दिन पहले हुई होगी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतका की पहचान की जा सके।
हत्या कर शव फेंकने की आशंका
जिस तरह से शव को बक्से में बंद कर पानी के टैंक में ठिकाने लगाया गया, उससे साफ जाहिर होता है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को यहाँ फेंका गया। पुलिस कॉलोनी और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुँचा जा सके। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज
दिया है।







