एमपी नगर से महिला तस्कर गिरफ्तार, 10 किलो गांजा जब्त

एमपी नगर से महिला तस्कर गिरफ्तार, 10 किलो गांजा जब्त
भोपाल, यशभारत। भोपाल क्राइम ब्रांच ने एमपी नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर सीहोर निवासी एक 50 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से करीब 10 किलो 270 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के थाना प्रभारी अशोक मरावी को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एमपी नगर स्थित जीवन बीमा कार्यालय के सामने ग्राउंड में एक महिला भारी मात्रा में गांजा लेकर खड़ी है और किसी को बेचने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही डीसीपी (क्राइम) अखिल पटेल एवं एडीसीपी शैलेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। पुलिस टीम ने हुलिए के आधार पर संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया। महिला आरक्षक की उपस्थिति में जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक की बोरी में खाकी टेप से लिपटे तीन पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें हरे-भूरे रंग का मादक पदार्थ (गांजा) पाया गया। गिरफ्तार महिला की पहचान सीता बाई कुचबंदिया (50 वर्ष), पति राजू मेसकर, निवासी गंज मोहल्ला, सीहोर के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि वह अनपढ़ है और साधारण तौर पर कपड़े बेचने का काम करती है, जिसकी आड़ में वह नशे का अवैध कारोबार कर रही थी।







