
पत्नी और भाई ने रची खौफनाक साजिश, नदी किनारे मिला शव,प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पहचान और जांच बनी चुनौती
दतिया। गोराघाट क्षेत्र में 6 फरवरी को सिंध नदी किनारे मिले शव के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मृतक की पहचान ग्वालियर निवासी हंसराज वर्मा के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ कि प्रेम प्रसंग के चलते उसकी हत्या की गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उसकी पत्नी और चचेरा भाई निकले।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि हंसराज वर्मा की पत्नी का उसके चचेरे भाई हेमंत के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। जब हंसराज को इस रिश्ते की जानकारी मिली तो उसने दोनों के मिलने-जुलने पर रोक लगा दी। इससे नाराज पत्नी और हेमंत ने हंसराज को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
योजना के तहत हेमंत और हंसराज की पत्नी ने अपने दोस्त अनिल खटीक को बुलाया। तीनों ने पहले साथ बैठकर शराब पी और फिर हंसराज को सिंध नदी किनारे ले गए, जहां उसका गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
पहचान और जांच बनी चुनौती
शव मिलने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की शिनाख्त और मौत की वजह पता करना थी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को ग्वालियर से हंसराज नामक युवक के लापता होने की सूचना मिली। फोटो के आधार पर मृतक की पहचान की गई, जिसे बाद में परिजनों ने भी पुष्टि कर दी।
गोराघाट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पत्नी, चचेरे भाई और उनके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। इस खुलासे के साथ ही हत्या की उलझी हुई पहेली सुलझ गई है।
पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।







