मां घर लौटी तो जवान बेटा फांसी के फंदे पर लटका मिला

मां घर लौटी तो जवान बेटा फांसी के फंदे पर लटका मिला
-आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं
भोपाल यशभारत। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब उसकी मां काम से वापस घर लौटी। जवान बेटे की लाश को देखकर मां बेसुध हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद किया। पुलिस को घटना स्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। एएसआई लोकपाल यादव ने बताया कि गायत्री नगर निवासी अंकुश पटेल पुत्र हेतराम(21) औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। उसकी मां भी एक फैक्ट्री में काम करती है। जबकि बड़ा भाई और पिता हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। दो दिन पहले अंकुश के भईया-भाभी खटूश्याम दर्शन के लिए गए थे। कल वह और उसकी मां दोनों अपने-अपने काम पर चले गए। दोपहर करीब एक बजे अंकुश लंच टॉइम में घर पहुंचा और पंखे से गमछे का फंदा बांधकर फांसी लगा ली। शाम करीब पांच बजे मां काम से वापस घर लौटी तो अंकुश का शव फंदे पर लटका हुआ देखा। जवान बेटे की लाश देखकर मां बेसुध होकर जमीन पर गिर गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव बरामद किया। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। आज पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।







